कलयुगी बहु ने प्रेमी के साथ मिलकर सास को उतारा मौत के घाट, ऐसे रची थी हत्या की साजिश

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के कैथल से बेहद ही चौकानें वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक बहु ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी और उसके सारे गहने भी लूट लिए। जानकारी के मुताबिक मामला कैथल के जनकपुरी का है। यहां उस समय लोग दहशत और सकते में आ गए जब यहीं की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के कत्ल कर दिए जाने की खबर उनके कानों तक पहुंची।

पहले तो यह मामला लूट के बाद हत्या का लग रहा था। लेकिन सबूत और सुराग खंगालती पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ इस कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई थी और जब कत्ल की इस वारदात का राज सबके सामने आया तो हर किसी के पैरों तले की जमीं खिसक गई। इस कत्ल का चक्रव्यूह किसी और ने नहीं बल्कि बुजुर्ग महिला की बहु ने ही रचा था। इसके साथ ही यह भी खुलासा हुआ की इस मामले में आरोपी बहु के साथ उसका प्रेमी भी शामिल था। जिसके बाद मामले की जांच कर रही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि होमगार्ड में तैनात जवान अमित मृतक बुजुर्ग महिला के घर पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी किया करता था और उसकी बहु राजविंदर के साथ अमित का अवैध संबंध था। घरवालों को शक तो हुआ लेकिन कलयुगी बहू का फरेब का मायजाल बेहद गहरा था। आरोपी अमित उन सब की निगाहों में साफ पाक रहने के लिए राजविंदर से राखी भी बंधवाने लगा। इस मुंहबोले भाई बहन के रिश्ते की आड़ में उन दोनों की गंदी साजिश का खेल भी चलता रहा। लेकिन इसी बीच दोनों के अवैध संबधों  का सास को पता चल गया। जिसके बाद दोनों ने कत्ल की साजिश रची और बुजुर्ग सास को मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल जांच में जुटी पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।