महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को क्यों कहा अलविदा ?

ख़बरें अभी तक || एक तरफ पूरा देश बीते 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा था, तो वहीं दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए दो बुरी खबरें भी सामने आई। जिससे कहीं ना कहीं किक्रेट प्रेमियों का दिल टूटा है। भारतीय क्रिकेट इतिहास के दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है।महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार शाम करीब 7 बजे अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। इसके कुछ ही देर बाद सुरेश रैना ने भी संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के रिटायरमेंट की घोषणा के ठीक बाद सुरेश रैना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आपके साथ खेलना एक बहुत खूबसूरत अनुभव था माही। मैं गर्व के साथ आपके इस सफर में साथी बनने जा रहा हूं। शुक्रिया इंडिया। जय हिंद!’इस तस्वीर में रैना के साथ धोनी भी नजर आ रहे है। बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से तो 2014 में ही संन्यास ले लिया था, लेकिन अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में खेला था। वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में खेले गए इस मुकाबले में भारत हार गया था।