मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक कार 2022 तक होगी लॉन्च, जानें संभावित कीमत और फीचर्स

ख़बरें अभी तक। भारत में बीते कुछ समय से धीरे-धीरे ही सही लेकिन इलेक्ट्रिक कारों की डिमांड बढ़ती दिखाई देने लगी है।  यही कारण है कि अब कार कंपनियों का रूख भी इस सेगमेंट की तरफ होता नजर आ रहा है। हाल ही में रेनो इंडिया ने भी इलेक्ट्रिक कारों को लेकर एक महत्वपुर्ण जानकारी दी है। कंपनी कहती है कि वह भारत में 2022 तक अपनी मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक कार उतारेने पर विचार कर रही है। बता दें कि रेनो की इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक कार को सीएमएफ-ए प्लेटफार्म पर तैयार किया जाएगा।

वहीं रेनो क्विड को भारत में 2015 में लॉन्च किया था, इसके बाद 2019 में कंपनी ने इसका अपडेट वर्जन भी पेश किया था। वहीं जल्द ही कंपनी इसका न्यू जनरेशन मॉडल भी पेश करने वाली है। नई क्विड को अपडेट सीएमएफ-ए प्लेटफार्म पर तैयार किया जाने की संभावना है। ऐसे में कहा जा सकता है कि रेनो की इलेक्ट्रिक कार भी अपडेट सीएमएफ-ए प्लेटफार्म पर बनेगी।

वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि यह क्विड का इलेक्ट्रिक वर्जन हो सकता है। रेनो ने चीन में क्विड के इलेक्ट्रिक वर्जन को के-जेडई नाम से पेश किया हुआ है। अब हाल ही में कंपनी ने के-जेडई को ऑटो एक्सपो 2020 में भी शोकेस भी किया था। अंदाजा लगाया जा रहा हैं कि नई जनरेशन की क्विड इलेक्ट्रिक की रेंज में सुधार होना है। के-जेडई के बारें में बताए तो इसमें 26.8केडब्ल्यूएच लिथियम-आयन बैटरी दी गई है। फुल चार्ज में यह कार 271 किलोमीटर का सफर तय करने में सक्षम होगी। इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 44 पीएस की पावर और 125 एनएम का टॉर्क जनरेट करने में पूर्ण रूप से सक्षम है। वहीं दूसरी ओर डीसी फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी को 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में आधे से एक घंटे का समय लगता है। वहीं 6.6केडब्ल्यूएच के एसी फास्ट चार्जर से इसे फुल चार्ज होने में चार घंटे लगते हैं।

अगर बात की जाए इसकी लॉन्चिंग को लेकर तो भारत में रेनो की इस इलेक्ट्रिक कार को 2022 तक लॉन्च किया जाएगा। भारत में इसकी सिंगल चार्ज में रेंज करीब 250 किलोमीटर हो सकती है। इसकी शुरूआती कीमत 10 लाख रुपये से कम रहने की उम्मीद है। कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक सेगमेंट में इसका मुकाबला महिन्द्रा ई-केयूवी100 जैसी कारों से होता दिखाई देगा।