पंजाब: मोगा में प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, वीडियो के जरिए बताई आखिरी इच्छा

ख़बरें अभी तक। पंजाब के मोगा में प्रेमी जोड़े द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बता दें कि मृतक युवक पेशे से ट्रक ड्राइवर था और युवती 12वीं में पढ़ती थी। दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध थे। आत्महत्या करने से पहले दोनों ने एक वीडियो बनाकर अपनी आखिरी इच्छा बताई।

उन्होंने कहा कि हमारी एक ही इच्छा है कि हम दोनों का संस्कार इकट्‌ठा किया जाए। अलविदा दुनिया, हमेशा के लिए। मृतक युवक की पहचान मोगा जिले के चड़िक गांव के 25 वर्षीय हैप्पी के रूप में हुई है। गांव बधनी कलां में उसका ननिहाल है। इसी गांव में रहने वाली नेहा ग्रोवर से उसका प्रेम प्रसंग था। गुरुवार आधी रात के बाद हैप्पी नेहा से मिलने पहुंचा।

यहां से दोनों बधनी कलां-रनियां लिंक रोड पर पहुंचे, जहां दोनों ने फांसी लगा ली। वहीं घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु की। पुलिस के मुताबिक यह घटना शुक्रवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे की लग रही है।