1 मार्च को सिरसा में होगी रैली, सीएम सहित हरियाणा कैबिनेट के मंत्री होगें शामिल

खबरें अभी तक। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से हरियाणा सरकार की कार्यशैली को लेकर चर्चा भी हुई। साथ ही पीएम मोदी ने उनके विभाग के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हरियाणा सरकार और उनके विभाग के कामकाज की सराहना की। मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कहा कि हरियाणा में गठबंधन सरकार अच्छा कार्य कर रही है, सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। इस मौके पर रणजीत सिंह चौटाला ने कांग्रेस और इनेलो के नेताओं को भी आड़े हाथों लिया।

कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह आज सिरसा में अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1 मार्च को सिरसा में रैली रखी गई है जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित हरियाणा कैबिनेट के अनेक मंत्री शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल के समक्ष सिरसा जिले के पांचों हलकों की समस्याओं को रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरसा की रैली ऐतिहासिक होगी और उसमें 1 लाख से ज्यादा भीड़ शामिल होगी।

कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कांग्रेस और इनेलो पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस की प्रदेश अध्य्क्ष कुमारी सैलजा , नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुडा ,इनेलो विधायक अभय चौटाला के सरकार के जल्द गिरने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ये लोग हताशा में सरकार के गिरने पर बयान देते है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की आलोचना करना ही है। उन्होंने कहा कि कुमारी सैलजा का हरियाणा में कोई अस्तित्व नहीं है।

कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि बजट सत्र में विधायकों की राय जानने के लिए प्री बजट सत्र बुलाने पर मुख्यमंत्री मनोहर ने सराहनीय पहल की है। लंबी अवधि का बजट सत्र होगा। रणजीत सिंह चौटाला ने केंद्रीय बजट की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी को केंद्र सरकार ने पर्यटन स्थल बनाने का ऐतिहासिक फैसला किया है।