शराब पीने के बाद बिगड़ी पांच मजदूरों की तबीयत, एक की मौत

ख़बरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले स्थित औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक व्यक्ति की जहरीली शराब पीने के कारण मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक  गुरुवार रात को जीपीआई फैक्ट्री में काम करने वाले 5 मजदूरों ने एक साथ शराब पी थी। शराब पीने के बाद सभी अपने- अपने कमरे में आकर सो गए। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद अचानक पांचों मजदूरों की तबीयत खराब होने लगी।

बिगड़ती हालत को देख कंपनी की कॉलोनी इंचार्ज द्वारा सभी मजदूरों को नालागढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने एक मज़दूर को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर होने पर उसे पीजाआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। वहीं अब अन्य तीन लोगों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।