नाबालिग लड़कियों को शादी के नाम पर बेच देता था गिरोह

खबरें अभी तक। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थान पर कम उम्र लड़कियों को देखकर मीठी बातें कर अपने जाल में फंसाकर नौकरी लगवाने के बहाने उन्हें एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश में बेचने वाले गिरोह का सिटी पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

नोएडा के दलाल द्वारा शादी करवाने के बहाने बेची गई दो नाबालिग सहित तीन लड़कियों को पुलिस ने बरामद किया है। बुधवार को तीनों लड़कियों को अदालत में पेश कर बयान दर्ज करवाए गए। पुलिस अब इस गैंग के सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने यह खुलासा गैंग को चलाने वाली एक महिला के भांजे की सूचना पर किया है। गांव सिसर महम हाल पिपलीवाली जोहड़ी पर रह रहे मोहित नामक युवक के मामा मानकावास निवासी सतीश ने करीब एक साल पूर्व ही रांची की रहने वाली अन्नू के साथ शादी की थी। शादी के बाद वह भिवानी की हनुमान ढाणी में आकर रहने लगा।

शादी के बाद सतीश को लकवा लग गया और विकलांग हो गया। मोहित का कहना है कि मामा के घर आने-जाने वाले और अन्नू की गतिविधियों पर संदेह होने लगा। आए दिन उनके घर पर दिल्ली व यूपी से नई लड़कियां लाने- ले जाने का भी पता चला। मोहित ने इस मामले की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आगे बढ़ाई तो हैरान कर देने वाला सच सामने आया। अकेले भिवानी में ही तीन लड़कियों को बेचने का मामला सामने आया। शहर थाना प्रभारी श्री भगवान ने महिला एएसआई बिमला को जांच सौंपकर कार्रवाई शुरू की।