पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की फिर फांसी लगा कर दे दी जान

खबरें अभी तक। जिला मुख्यालय से सटे रामाबाई इलाके में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति बलवीर सिंह(35) ने वीडियो कॉल कर पत्नी से बातचीत की और फिर फंदे पर झूल कर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि वीडियो कॉल के दौरान बलवीर की पत्नी को फंदा दिखा, जिसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी।

आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन बलवीर की मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार बलवीर सिंह रामाबाई स्थित अपने घर में रहता था जबकि उसकी पत्नी बिहाल में रहती है। बीते सोमवार देर शाम को उसने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल कर बातचीत की।

इस दौरान पत्नी ने फंदा देखा, शक होने पर सरवरी में रह रही अपनी सास को इसकी जानकारी दी। बलवीर की मां, भाई और जीजा रामाबाई पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतक का अपना कारोबार था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। एएसपी निश्चित सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।