कौल सिंह ठाकुर बोले विकास नहीं हुआ, जवाहर ठाकुर ने दी खुले मंच पर बहस की चुनौती

ख़बरें अभी तक। प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल को लेकर द्रंग के दो नेता आमने-सामने आ गए हैं। पूर्व मंत्री एवं द्रंग के पूर्व विधायक कौल सिंह ठाकुर द्वारा लगाए गए आरोपों का भाजपा के मौजूदा विधायक जवाहर ठाकुर ने करारा जबाव दिया है। हालही में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मंडी में पत्रकार वार्ता आयोजित करके सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल को निराशाजनक बताया था। उन्होंने कहा था कि सरकार अफसरों के कहने पर चल रही है और सरकार की अपनी कोई सोच नहीं है। उन्होंने जयराम ठाकुर को नसीहत दी थी कि वह सिर्फ सराज के ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के सीएम हैं, इसलिए एक समान दृष्टि से विकास करवाएं।

कौल सिंह ठाकुर के इन आरोपों का द्रंग से भाजपा के मौजूदा विधायक जवाहर ठाकुर ने तीखा जबाव दिया है। जवाहर ठाकुर का कहना है कि कौल सिंह ठाकुर न तो खुद कभी सीएम बन पाए और न ही मंडी से किसी दूसरे को बनने दिया। इसी कारण कौल सिंह ठाकुर पीड़ा में हैं। उन्होंने कौल सिंह ठाकुर को खुले मंच पर जनता के बीच विकास के मामले में बहस की चुनौती दी। जवाहर ठाकुर ने कहा कि मंच सजाने का सारा खर्च वह उठाने के लिए तैयार हैं बशर्ते कौल सिंह ठाकुर बहस के लिए आएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का समान और समुचित विकास करवाया जा रहा है। पूर्व में विकास के कोई काम नहीं हुए, इसलिए कौल सिंह ठाकुर को विकास नजर नहीं आ रहा है।