रामलीला मैदान में आज पीएम मोदी भरेंगे हुंकार,प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

खबरें अभी तक। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार यानि आज होने जा रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। बता दें कि रामलीला मैदान पुरानी दिल्ली के दरियागंज से करीब एक किमी की दूरी पर है।  सूत्रों की मानें तो वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की थी। बैठक में अन्य चीजों के साथ ही यह फैसला लिया गया कि अफवाहों पर काबू पाने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी की जाएगी।

साथ ही उन्होंने बताया कि रविवार को बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। रामलीला मैदान जाने वाले सभी मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इमारतों पर विशेष सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। वहीं दिल्ली पुलिस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) और भाजपा से करीबी संपर्क बनाए हुए है। भाजपा नेता विजय गोयल ने एक बयान में कहा कि दिल्ली की 1,731 अनधिकृत कॉलोनियों के बाशिंदों को मालिकाना हक देने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देने के लिए आयोजित इस रैली की तैयारियों जोरशोर से जारी हैं। गोयल आयोजन स्थल पर इंतजाम के संयोजक हैं।