रोहतक में हैवान बना पिता, दुष्कर्म करने के बाद बेटी को उतारा मौत के घाट

ख़बरें अभी तक। हैदराबाद गैंगरेप का मामला अभी थमा भी नहीं  कि अब रोहतक से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां के हैवान पिता ने अपनी ही 9 साल बेटी के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर फरार हो गया। वारदात के करीब 19 घंटे बाद मासूम की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या व नशीला पदार्थ खिलाने और 4 व 6 पोक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक बच्ची की मां ने मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस थाने पर दर्ज करवाई गई शिकायत में बच्ची की मां ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार की रहने वाली है। लेकिन पिछले कई सालों से वह यहां रोहतक में अपने परिवार के साथ रह रही है। महिला ने बताया कि उसका पति उसके बच्चों के साथ मारमीट करता था। जिसके चलते हर रोज घर में झगड़ा होता था। इसी से परेशान होकर वह अपने 4 बच्चों के साथ दूसरी जगह रहने लगी।

लेकिन कुछ दिनों बाद उसका पति उन्हें अपने साथ ले आया। हालांकि रात के समय पति बड़ी बेटी और छोटे बेटे को अपने साथ कमरे पर ले जाता था और सुबह उसके पास छोड़कर चला जाता था। महिला ने बताया कि मंगलवार सुबह भी उसका पति घर में नहीं था। इसी दौरान उसने बेटी को खून से सना हुआ देखा। वह ठीक से चल भी नहीं पा रही थी। मां ने बेटी की ऐसी हालत देखकर उसे अस्पताल पहुंचाया।

यहां अस्पताल में भर्ती होने के बाद जब मां ने बेटी से उसकी ऐसी हालत के बारे में पूछा तो उसने पिता की काली करतूतों के बारे में बताया। बच्ची ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ पहले दुष्कर्म और फिर उसे चूर्ण जैसी कोई चीज खिलाई थी। इसी चूर्ण के कारण उसको उल्टियां भी हुई। अस्पताल में 19 घंटे भर्ती रहने के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। वहीं इस मामले में डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा और सिटी थाना प्रभारी सिविल अस्पताल पहुंचकर पीड़ित की मां से घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।