फतेहाबाद में किसानों ने सरकार के खिलाफ गांव स्तर पर खोला मोर्चा

खबरें अभी तक। फतेहाबाद में किसानों ने सरकार के खिलाफ अब गांव स्तर पर मोर्चा खोल दिया है। किसान लघु सचिवालय के बाहर पिछले 4 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं अब किसानों ने गांव स्तर पर आंदोलन को तेज कर दिया है। किसान हर गांव में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुतला फूंक कर अपना विरोध जाहिर करेंगे। इसकी शुरुआत किसानों ने फतेहाबाद के गांव हसंगा से कर दी है। किसानों ने गांव हसंगा में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंका।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे किसान संघर्ष समिति के संयोजक मनदीप सिंह ने कहा कि किसान फतेहाबाद के हर गांव में हरियाणा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सीएम मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंकेंगे। जब तक पराली जलाने के जो केस किसानों पर दर्ज किए हैं, वापिस नहीं ले लिए जाते, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा स्तर पर आंदोलन को ले जाया जाएगा। लघु सचिवालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे किसानों ने भी आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। किसानों ने सरकार को हर तरफ से घेरने के लिए रणनीति बना ली है।