पत्रकार पति ने की पत्नी की हत्या, जानिए क्या रही वजह

ख़बरें अभी तक। पाकिस्तान में एक महिला पत्रकार की हत्या कर दी गई। लेकिन हैरान करने वाली बात तो यह है कि महिला पत्रकार की हत्या उसी के पति ने की है। महिला का पति खुद भी एक पत्रकार है। इस पूरे मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक  27 वर्षीय महिला पत्रकार की हत्या उसके पति ने इसलिए कर दी क्योंकि महिला पत्रकार अपनी नौकरी नहीं छोड़ रही थी। बताया जा रहा है कि दंपति की शादी सात महीने पहले ही हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। दोनों में हर रोज झगड़े होने लगे। दोनों के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। इसी दौरान सोमवार को महिला पत्रकार किला गुज्जर सिंह स्थिति अपने ऑफिस पहुंची तो तभी उनके पति दिलावर अली ने उन्हें सिर में गोली मार दी। इसके बाद महिला पत्रकार को वहां मौजूद अन्य लोगों ने आनन – फानन में अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां जाने तक बहुत देर हो चुकी थी।

यहां अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला पत्रकार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पीड़ित महिला के भाई ने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पीड़ित महिला के भाई ने बताया कि आरोपी दिलावर अली दूसरे उर्दू समाचार पत्र में काम करता है। पीड़िता के भाई का कहना है कि उसकी बहन ने सात महीने पहले दिलावर अली से प्रेम विवाह किया था। अली बार- बार अपनी पत्नी से नौकरी छोड़ने के लिए कहता था। लेकिन महिला ने नौकरी छोड़ने से मना कर दिया। महिला पत्रकार के नौकरी ना छोड़ने की वजह से ही दोनों के बीच झगड़ा होता था। प्राथमिक जांच में हत्या की वजह भी महिला का नौकरी ना छोड़ना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।