26/11 मुंबई हमले के 11 साल: इस दिन मुंबई में देश का सबसे बड़ा आतंकी हमला हुआ था

ख़बरें अभी तक। आज 26/11 की 11वीं वर्षगांठ है। 26 नवंबर 2008 के दिन मुंबई में देश का सबसे बड़ा आतंकी हमला हुआ था। बता दें कि इस आतंकी हमले में 26 विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों के साथ करीब 60 घंटे तक मुठभेड़ की थी। यह भारत में हुए सबसे भयावह हमलों में से एक था। इस हमले में शहीद हुए लोगों को देश भर में श्रद्धांजली दी गयी।

इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकी शामिल थे। इस आतंकी हमले की शुरुआत 26 नवम्बर, 2008 को हुई और यह 29 नवम्बर, 2008 को समाप्त हुआ। यह हमला कई जगहों पर किया गया, इसमें प्रमुख स्थान थे: छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, चाबाद हाउस, द ओबेरॉय ट्राईडेंट, ताज होटल, लियोपोल्ड कैफ़े, कामा हॉस्पिटल, नरीमन हाउस और मेट्रो सिनेमा। इस हमले में एक आतंकवादी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था। कसाब को 21 नवम्बर, 2012 को फांसी दी गयी थी।

बताया जाता है कि हमलावर कराची से समंदर के रास्ते मुंबई में घुसे थे। इस नाव में 4 भारतीय भी सवार थे, जिन्हें किनारे तक पहुंचने से पहले से जान से मार दिया गया था। 26 नवंबर को रात करीब 8 बजे सभी हमलावर कोलाबा के पास कफ परेड के मछली बाजार में निकले और 4 ग्रुप में बंट गए। इसके बाद सभी आतंकी टैक्सी लेकर दहशत फैलाने के लिए निकल गए।