महाराष्ट्र पर महाभारत: संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक का विपक्ष ने किया बहिष्कार

नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति पर घमासान जारी है। इसी बीच आज संविधान दिवस के मौके पर संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक का विपक्ष ने बहिष्कार किया। दरअसल मंगलवार यानि आज संविधान दिवस के मौके पर सरकार द्वारा आहूत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक चल रही थी। इसी दौरान कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने इसका बहिष्कार किया और संसद परिसर में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन भी किया।

महाराष्ट्र के मुद्दे पर हुए इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कई अन्य विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। हाथों में ‘संकट में संविधान संकट’ लिखे हुए बैनर पकड़कर सभी नेताओं ने ‘संविधान की हत्या बंद करो’ के नारे लगाए।