आजाद जीतकर आए विधायकों को पद मिलने हुए शुरु, जानिए किसे क्या पद मिला

भाजपा को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने वाले आजाद उम्मीदवारों को भाजपा ने पद देने शुरु तकर दिए है। चुनाव जीतकर आए 7 आजाद उम्मीदवारों में से 4 को निगम व बोर्डों का चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया है। चेयरमैन बनाए गए चार विधायक भाजपा के ही बागी हैं, जो सीट न मिलने पर आजाद चुनाव में खड़े हो गए थे।

हरियाणा सरकार ने तत्काल प्रभाव से चरखी दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान को हरियाणा पशुधन बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया है तो पृथला के विधायक नयनपाल रावत को हरियाणा भण्डारगार निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

वहींं पूंडरी से आजाद विधायक रणधीर सिंह गोलन को हरियाणा पर्यटन निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। गोलन भाजपा की सीट के मजबूत दावेदार थे। उनका टिकट काट दिया गया, तो उन्होंने पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ा और जीते। जीत के तत्काल बाद भाजपा को समर्थन दे दिया था।

साथ ही नीलोखेड़ी से आजाद विधायक धर्मपाल गोंदर को हरियाणा वन विकास निगम का चैयरमेन नियुक्त किया गया है। गोंदर भाजपा से काफी समय से जुड़े हुए हैं।