हरियाणा विधानसभा का एकदिवसीय सत्र आज, डिप्टी स्पीकर का होना है चुनाव

संविधान को अपनाने की 70वीं वर्षगांठ पर पहली बार हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है। आज इस सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष अपने-अपने विचार रखेंगे। सत्र की शुरुआत आज सुबह 11 बजे होगी जिसमें सबसे पहले दिवंगतो की याद में शोक प्रस्ताव पढ़े जाएंगे और दो मिनट का मौन रखा जाएगा।

आज इस विशेष सत्र के दौरान संविधान पर चर्चा होगी साथ ही सरकार कुछ अहम विधेयक भी पारित करा सकती है। शोक प्रस्ताव के  बाद संविधान को अंगीकार किए जाने की 70वीं वर्षगांठ के स्मरण में संकल्प पत्र पारित किया जाएगा। संकल्प पत्र पर विधानसभा में विस्तार से चर्चा होगी। संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद किया जाएगा। संविधान पर चर्चा होने के बाद विधानसभा स्पीकर सदन की सहमति से डिप्टी स्पीकर का चुनाव कराएंगे। इसके बाद विधायकों को मौलिक कर्तव्योंऔर अधिकारों की शपथ दिलाई जाएगी।