‘द ग्रेट खली’ ने हिमाचल के सीएम से मिलकर पूर्व सरकार पर लगाया ये आरोप

खबरें अभी तक। डब्ल्यूडब्ल्यूई चैंपियन द ग्रेट खली ने धर्मशाला में सीएम जयराम ठाकुर से मुलाकात की। विश्व कुश्ती मनोरंजन के विश्व विख्यात हेवीवेट पेशेवर कुश्ती चैंपियन ‘द ग्रेट खली’ के नाम से मशहूर दलीप सिंह राणा ने निकट भविष्य में प्रदेश में हेवीवेट रेसलिंग चैंपियनशिप आयोजित करने की योजना के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी पिछली सरकार को इस बारे अपना प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इस पर कोई गौर नहीं किया गया। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के धीरैना गांव से संबंध रखने वाले दलीप सिंह पेशेवर कुश्ती प्रतियोगिता में अंडरटेकर को परास्त कर मशहूर हुए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रेसलिंग चैंपियनशिप के आयोजन से न केवल राज्य का नाम रोशन होगा, बल्कि इस प्रतियोगिता से एकत्र धन का अधिकतम हिस्सा मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में मेगा कुश्ती प्रदर्शन, जहां प्रसिद्ध रेसलर भाग लेंगे के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने की इच्छुक है, लेकिन यह चिंताजनक है कि पिछली कांग्रेस सरकार ने खेलों को गंभीरता से नहीं लिया और न ही इस प्रकार के प्रस्तावों पर कोई कदम उठाए।

मुख्यमंत्री ने खेल मंत्री गोविन्द ठाकुर को राज्य में रेसलिंग चैंपियनशिप के आयोजन करने के लिए आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।