थम गया चुनाव प्रचार, अब 21 तारीख को होगा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की वोटिंग 21 अक्टूबर को होने वाली है. जिसके तहत कल शाम छह बजे से चुनावी प्रचार थम गया है जिसके बाद अब लाउडस्पीकर की आवाजें सुनाई नहीं देंगी. वही प्रत्याशी अपने विधानसभा क्षेत्र में जाकर डोर-टू-डोर चुनावी अभियान शुरु करेंगे।

बता दें कि हरियाणा में विधानसभा आम चुनाव 2019 में 1 करोड़ 83 लाख 90 हजार 525 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्तूबर, 2019 को होने वाले मतदान के लिए कुल 19578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इन्द्र जीत ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अक्तूबर, 2019 को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 1 करोड़ 83 लाख 90 हजार 525 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 7 हजार 955 सर्विस वोटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 98 लाख 78 हजार 42 पुरुष मतदाता, 85 लाख 12 हजार 231 महिला मतदाता और 252 ट्रांसजेडर मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10324 लोकेशनों पर 19578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 19425 रेगुलर और 153 सहायक मतदान केंद्र हैं। शहरी क्षेत्र में 5741 और ग्रामीण क्षेत्र में 13837 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।