अलवर में महिला की गोली मारकर हत्या, पति पर लगे गंभीर आरोप

खबरें अभी तक। राजस्थान के अलवर स्थित गोविंदगढ़ थाने इलाके में शनिवार सुबह एक महिला की उसी के घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान रिजवाना के तौर पर हुई है। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक मामला गोविंदगढ़ थाने के सेमला गांव का है। बताया जा रहा है कि रिजवाना का पति मुनसेद उसके साथ मारपीट करता था। पति की मारपीट से परेशान होकर रिजवाना अपने मायके चली गई थी। करीब 3 दिन पहले वह अपने ससुराल वापस लौटी। लेकिन शनिवार सुबह उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

रिजवाना की हत्या के बाद उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसके पति मुनसेद पर हत्या के आरोप लगाए है। घटना के बाद रिजवाना का पति मुनसेद फरार है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल मृतक महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी पति मुनसेद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।