उत्तराखंड के चमोली जिले में दर्दनाक सड़क हादसा, नौ लोगों की मौत

खबरें अभी तक। उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों के मौत की खबर है। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे है। जानकारी के अनुसार यहां देवाल- घेस मोटरमार्ग पर यात्रियों से भरी एक जीप गहरी खाई में गिर गई। जिसकी वजह से यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसा रविवार दोपहर करीब चार बजे हुआ। जैसे ही वाहन देवाल से दो किमी दूर काली ताल के पास पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी नदी में जा गिरा। हादसे के समय जीप में कुल 14 लोग सवार थे। जिसमें 9 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद डीएम,  आपदा प्रबंधन के अधिकारी सहित थराली प्रशासन और पुलिस मौके के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि शनिवार रात को वलाण गांव के एक व्यक्ति की देवाल के एक होटल में मौत हो गई थी। जिसके बाद गांव के कुछ लोग रविवार सुबह उनके अंतिम संस्कार के निकले थे। लेकिन वापस लौटते वक्त यह हादसा हो गया।