लापता 3 साल की बच्ची का हाथ-पैर कटा शव मिलने से फैली सनसनी

ख़बरें अभी तक। कैथल: दशहरे के दिन गांव तितरम स्थित ईंट-भट्टे से लापता हुई 3 साल की मासूम बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्ची का शव इतनी क्षत-विक्षत हालत में मिला कि उसे देखा नहीं जा सका। उसकी दोनों टांगें नहीं हैं। ना ही दोनों हाथ हैं। साथ में दोनों आंखों भी निकाली हुई हैं। बड़ी ही बेरहमी से बच्ची की हत्या की गई है। शव को देखकर परिजनों में रोष फैला हुआ है।

पुलिस ने 3 साल की इस बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक भेजा है। साथ ही अपहरण के मामले में हत्या के आरोप में भी धारा जोड़ दी गई है। बच्ची के परिजनों ने बताया था कि वे दशहरे से 2 दिन पहले ही तितरम भट्टे पर मजदूरी के लिए आए थे। अगले ही दिन 8 अक्तूबर को दशहरे के दिन उनकी बेटी लापता हो गई। पुलिस ने इस संबंध में पहले अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया था। शुक्रवार सुबह उनके साथ आए बच्चों ने भट्टे पर खाली पड़ी जगह में बच्ची का शव देखा।

जिस पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां से पी.जी.आई. रोहतक में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना तितरम एस.एच.ओ. मुकेश कुमार के अनुसार पुलिस ने पहले बच्ची के अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया था। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च अभियान भी चलाया था। अब उसका शव मिला है। जिस पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के कारणों का खुल्लासा हो पाएगा।