अलवर में आठ साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

खबरें अभी तक। राजस्थान के अलवर से एक बार फिर बेहद ही शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां आदर्श कॉलोनी दाउदपुर में आठ साल की मासूम के साथ बलात्कार जैसे घिनौने अपराध को अंजाम दिया गया। इस पूरी घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मामला बीते पांच अक्टूबर का है। इस मामले में जानकारी देते हुए एसपी परिस देशमुख ने बताया कि नाबालिग के साथ बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी गौरव उर्फ भानू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी गौरव राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में ठेके का सफाई कर्मी है। बीते पांच अक्टूबर को आरोपी ने नाबालिग को बहला- फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म जैसे घिनौने अपराध को अंजाम दिया था। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सात दिनों के भीतर ही अदालत में चालान पेश कर दिया जाएगा। फिलहाल नाबालिग के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है।