हिमाचल: 9700 मेधावियों को नवंबर महीने में मिलेंगे लैपटॉप, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

ख़बरें अभी तक: हिमाचल प्रदेश में स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले 9700 मेधावियों को नवंबर महीने में लैपटॉप मिलेंगे। बता दें कि मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन ने सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया है। 45 दिन के भीतर लैपटॉप का आवंटन शुरू होगा। लैपटॉप खरीद के लिए पहली बार दो कंपनियों का चयन किया गया है। एल वन कंपनी को 60 फीसदी और एल टू कंपनी को 40 फीसदी सप्लाई ऑर्डर दिया गया है।

स्कूल शिक्षा बोर्ड की साल 2018-19 में हुई परीक्षाओं में दसवीं और जमा दो कक्षा के 8800 और कॉलेजों के 900 मेधावियों को लैपटॉप दिए जाने हैं। साल 2018 में मेधावी विद्यार्थियों को सरकार लैपटॉप नहीं दे सकी थी। सितंबर महीने में मंत्रिमंडल ने प्रदेश में वर्ष 2017-18 तथा 2018-19 के लिए छात्र डिजिटल योजना में 10वीं, 12वीं और कॉलेजों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए 9700 लैपटॉप खरीदने और वितरित करने को स्वीकृति प्रदान की है।