कांग्रेस की सरकार बनते ही, चुन-चुन नशा माफियाओं को भेजूंगी जेल, नशा हमारी नस्ल पर हमला है

चुनावों को लेकर हरियाणा में सरगर्मियां तेज हो गई है. जिसको लेकर हुड्डा-सैलजा की जोड़ी लगातार प्रचार में जुटी हुई है. वही सैलजा ने संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है. सैलजा ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही हरियाणा में माफियाओं को पकड़ पकड़कर जेल के अंदर किया जाएगा। चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति हो अगर वह नशा, अवैध खनन या अपराध में शामिल है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इन्हें लेकर जनता में मौजूदा सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है।

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि यह गुस्सा आगामी चुनाव में जरूर फूटेगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी। वहीं उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस पार्टी बिना किसी मुख्यमंत्री के चेहरे के हरियाणा में चुनाव उतरेगी। चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ही मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद कुमार सैलजा पहली बार फतेहाबाद में पत्रकारों से बात कर रही थी। वह विशाल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने यहां आई थी।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नशा माफियाओं ने हमारी नस्ल पर हमला किया है। समूचा हरियाणा नशे की चपेट में है। जवान बच्चे मर रहे हैं। पंजाब और राजस्थान में सख्ती की वजह से नशा माफिया ने हरियाणा को घर बना लिया है। कांग्रेस की सरकार बनते ही नशा के कारोबार में शामिल इन माफियाओं को चुन-चुनकर अंदर कराया जाएगा।