हिमाचल प्रदेश के 27वें राज्यपाल के रूप में बंडारू दत्तात्रेय ने ली शपथ

ख़बरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश के 27वें राज्यपाल के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने आज शपथ ली। बंडारू दत्तात्रेय को कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश धर्म चंद चौधरी ने राज्यपाल को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के इस अवसर पर सीएम जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश के 27वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के बाद राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पर्यटन के माध्यम से दक्षिण से उत्तर और उत्तर से दक्षिण को जोड़ना अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए रेलवे और परिवहन में संभावनाएं तलाशी जाएगी। इसके अलावा राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ रहे नशे को लेकर चिंता जताई और सबके सहयोग से इसे खत्म करने की बात कही। राज्यपाल ने कहा कि वे अपने गरीब, किसान और मजदूर के लिए काम करते आये हैं और अब जब वे संवैधानिक पद पर पहुंच चुके, वे अपने इस सामाजिक दायित्व को निभाते रहेंगे।

बंडारू दत्तात्रेय का जन्म 26 फरवरी वर्ष1947 को हैदराबाद, तेलंगाना में हुआ। वे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की संयुक्त आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रहे। उन्हें सिकंदराबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 10 वीं, 12 वीं, 13 वीं लोकसभा (1991-2004) और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के केंद्रीय मंत्री के लिए संसद के सदस्य के रूप में निर्वाचित किया गया था। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद आंध्र प्रदेश से बीएससी की डिग्री ग्रहण की।

1965 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में शामिल हो गए थे। उन्होंने 1968 से 1989 तक आरएसएस प्रचारक के रूप में काम किया। वह लोक संघ समिति (जयप्रकाश नारायण आंदोलन) के संयुक्त सचिव थे। आपातकाल के दौरान उन्हें जेल भेजा गया था। वह 1980 में बीजेपी में शामिल हो गए। 2014 में उन्हें सिकंदराबाद से 16 वीं लोकसभा में फिर से निर्वाचित किया गया। 2014 से 2017 तक वह केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), श्रम और रोजगार थे।