हरियाणा सरकार ने स्वीकार किया चंडीगढ़ नहीं है हरियाणा का हिस्सा, सिर्फ राजधानी है

चंडीगढ़ को लेकर छिड़े महाभारत में अब हरियाणा ने अपना जवाब दाखिल कर दिया है. चंडीगढ़ हरियाणा का है या नहीं ? इस सवाल का जवाब हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट में दे दिया है। सरकार ने स्वीकार किया कि चंडीगढ़ उसका हिस्सा नहीं है बल्कि सिर्फ राजधानी है। हालांकि ना पंजाब और ना ही हरियाणा कोर्ट में चंडीगढ़ को अभी तक उनकी राजधानी साबित करने के लिए सबूत या अधिसूचना नहीं दिखा पाए। अगर कोर्ट में हरियाणा चंडीगढ़ को अपनी राजधानी होने का सबूत पेश नहीं कर सका तो प्रदेश से चंडीगढ़ पर हक छिन सकता है।

चंडीगढ़ प्रशासन के वकील पंकज जैन ने कहा कि चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश है तथा पंजाब और हरियाणा की राजधानी है लेकिन यह दोनों राज्यों का भाग नहीं है। पंजाब के एजी अतुल नंदा ने एक डॉक्यूमेंट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है व पंजाब का पार्ट भी है। हरियाणा ने कहा कि चंडीगढ़ हरियाणा का हिस्सा नहीं है, लेकिन राजधानी है। हमें कुछ कागजात मिले हैं जिसमें ये बात लिखी है कि चंडीगढ़ हरियाणा की राजधानी है।