सांसद संजय भाटिया ने कांग्रेस, इनेलो और जजपा पर जमकर बोला हमला

ख़बरें अभी तक। करनाल के सांसद और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया ने कांग्रेस, इनेलो और जजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा चाचा अभय और भतीजा दुष्यंत चौटाला में गुटबाजी खत्म नहीं हो रही है। दोनों ही नेता एक दूसरे को नेता नहीं मानते। भाटिया आज सिरसा के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैयारियां कर ली है जिसके तहत अब 11 सितम्बर से महा जनसम्पर्क अभियान चलाने जा रही है। यह अभियान 15 सितम्बर तक चलेगा। बूथ अनुसार भाजपा के कार्यकर्ता घर-द्वार पर दस्तक देंगे। इसके बाद 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

16 एवं 17 सितम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का हरियाणा में दो दिन का प्रवास रहेगा। वे इस दौरान पहले कलस्टर में झज्जर, रोहतक एवं सोनीपत जिलों की एवं दूसरे कलस्टर में कैथल, पानीपत, करनाल एवं कुरूक्षेत्र के शक्ति केंद्र प्रमुखों संग बैठक करेंगे।