इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने सरकार पर कसा तंज, विकास की बजाए भाजपा ने भाईचारा बिगाड़ा

 

 

ऐलनाबाद के विधायक एवं इनेलो के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद हलके के एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा किया तथा लोगों की समस्याएं सुनी। गांवों में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभय सिंह का स्वागत किया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शासन में कोई विकास नहीं हुआ।

इनेलो नेता ने दड़बा कलां गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह बात सही है कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है। गांवों में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। भाजपा ने आज तक किसी का भला नहीं किया है। जबकि इनेलो शासन में गांवों में नहरी खालों को पक्का करवाया गया था। गांवों में बैंकों की शाखाएं खोली गई। खरीद केंद्र बनाए गए लेकिन आज हालात खराब हैं, खाल जर्जर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब से मैं विधायक बना हूं, तब से विधायक कोटे से ग्रांट देकर गांवों में विकास कराया गया है। जरूरतमंदों, गरीब, बीमारों को सहायता राशि के चेक देकर उनकी मदद की है।

इनेलो विधायक ने ग्रामीणों से वादा किया कि यदि आप के सहयोग व समर्थन से प्रदेश में फिर से इनेलो की सरकार बनेगी तो गांवों का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। खालों को फिर से पक्का करवाया जाएगा। गांवों में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर बरसते हुए अभय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने खुद के फायदे के लिए प्रदेश का भाईचारा बिगड़ाने का काम किया है। चाहे बात जाट आरक्षण आंदोलन की हो या डेरा प्रकरण। दोनों ही मामलों में प्रदेश की जनता में बने हुए भाईचारे को खराब करने का पूरा प्रयास हुआ, मगर प्रदेश की समझदार जनता ने भाजपा नेताओं की बातों न आकर अपना भाईचारा बनाए रखा है।