महेन्द्रगढ़ की लाडो प्रधानमंत्री के साथ देखेंगी चन्द्रयान-2 की लैंडिंग

ख़बरें अभी तक: महेन्द्रगढ़ के मौहल्ला बिढाट के निवासी पवन शर्मा की बेटी गरिमा 7 सितंबर को बैंगलोर के भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रयान-2 की लाइव लैंडिंग देखेगी। गरिमा नौंवी कक्षा में केंद्रीय विद्यालय चुरू में अध्ययनरत है। गरिमा का 25 अगस्त को इसरो ( इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन) द्वारा आयोजित ऑनलाइन क्विज़ पर प्रतियोगिता में भाग लेने पर चयन हुआ है।

चन्द्रमा पर चन्द्रयान – 2 की लैंडिंग को बच्चो के साथ साझा करने और विज्ञान के प्रति लोगों की रुचि बरकरार रखने के लिए केंद्र सरकार ने ऑनलाइन क्विज़ करवाई। इसमे भाग लेने वाले प्रत्येक राज्य व केंद्र शाषित प्रदेश से दो- दो बच्चो का चयन किया गया। गरिमा के दादा रत्तन लाल शर्मा पूर्व मुख्याध्यापक ने बताया कि गरिमा शुरू से ही होनहार छात्रा है। गरिमा की माता स्नेहलता भी केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका है।

गरिमा ने बताया कि ऑनलाइन क्विज़ में 600 सेकंड में 20 प्रश्नों के उत्तर देने थे , उसने 400 सेकंड में सारे प्रश्नों के जवाब दे दिए थे। 25 अगस्त को ऑनलाइन हुई इस प्रतियोगिता में कक्षा 8 से 10 तक के बच्चो ने भाग लिया था। इसरो के ट्रैकिंग केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के साथ चन्द्रयान की लैंडिंग देखने को लेकर उत्साहित महेन्द्रगढ़ की गरिमा ने कहा कि पीएम से मिलने का मौका मिला तो वे बात भी करेंगी। गरिमा ने बताया कि जिस दिन इसरो का यह पत्र मिला, उस दिन से वह इसरो का केंद्र दखने के लिए उत्साहित है। वह मम्मी पापा के साथ जयपुर से हवाई जहाज से बेंगलुरु जाएंगी।