हरियाणा पुलिस को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर कमाया नाम, दुर्गा शक्ति ऐप को मिला स्कॉच कांस्य पुरस्कार

हरियाणा पुलिस को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। गत सप्ताह प्रशिक्षण व क्षमता निर्माण तथा सामुदायिक पुलिसिंग के लिए फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड से नवाजे जाने के बाद, अब हरियाणा पुलिस की ‘दुर्गा शक्ति ऐप‘ को स्कॉच शिखर सम्मेलन-2019 के दौरान स्कॉच कांस्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस आयुक्त गुरुग्राम, मौहम्मद अकील, जिनके पास एडीजीपी मुख्यालय का भी अतिरिक्त कार्यभार है, ने हरियाणा पुलिस की ओर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल आयोजित एक समारोह में स्कॉच अवार्ड प्राप्त किया।
पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि यह बहुत ही गर्व की बात है कि राज्य पुलिस की दुर्गा शक्ति ऐप को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने दुर्गा शक्ति ऐप की समस्त टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।