ताउ की जयंती को लेकर फिर आमने-सामने होगी, दोनों ही दल मनाएंगे ताउ देवीलाल की जयंती

पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल जयंती के बहाने हरियाणा में इनेलो व जजपा शक्ति प्रदर्शन करेंगे। इनेलो जहां इसके जरिये एक बार फिर अपनी ताकत दिखाएगी, वहीं जजपा भी ताऊ के जन्मदिन पर सियासी दमखम दिखाने का प्रयास करेगी।

दोनों दलों ने 25 सितंबर को बड़ी रैली करने का निर्णय लिया है। जजपा जहां महम में ताउ की जयंती मनाएगी वहीं इनेलो कैथल में भी ताउ की जयंती के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेगी.

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष बीरबल दास ढालिया ने बताया कि इनेलो इस बार अनाज मंडी कैथल में जननायक चौधरी देवी लाल जी के 106वें जन्म दिवस 25 सितम्बर को ‘सम्मान दिवस समारोह’ के रूप में विशाल रैली करके मनाएगी। इनेलो नेताओं ने दावा किया कि कैथल में होने वाली रैली अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी, जिससे पिछले सभी रिकार्ड तोड़े जाएंगे।
उधर, जजपा भी महम में इस दिन विशाल रैली करेगी। जिसमें जजपा की सहयोगी पार्टी बसपा की सुप्रीमो मायावती भी भाग लेंगी। जजपा-बसपा में पिछले दिनों गठबंधन हुआ है और दोनों दल आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।