हरियाणा भर के नगर- निगम व नगर पालिकाओं के 32000 कर्मचारी आज से तीन दिन की हड़ताल पर

ख़बरें अभी तक: हरियाणा भर के नगर-निगम व नगर पालिकाओं के 32000 कर्मचारी आज से हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से प्रदेश भर में सफाई व्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ने वाला है। यमुनानगर में कर्मचारियोंने अलग-अलग इलाकों में सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ प्रदर्शन किया। निगम व नगर पालिकाओं के बाहर नारेबाजी की।

कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि भाजपा ने 2014 में सत्ता में आने से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था जिसे आज तक पूरा नहीं किया, हालांकि कई बार प्रदेश के मंत्री व अधिकारी कर्मचारी संगठनों से बातचीत में इस मांग को उचित ठहरा चुके हैं। लेकिन उसके बावजूद इस मांग को पूरा नहीं किया गया। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी अगर 3 दिन की हड़ताल के बाद भी सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो इस तीन दिवसीय हड़ताल को अनिश्चितकाल हड़ताल में बदल दिया जाएगा।