हिमाचल में बारिश का तांडव, ऊना में बरसात से करीब साढ़े 94 करोड़ का नुकसान

ख़बरें अभी तक:  2019 की बरसात से ऊना जिला में विभिन्न विभागों का करीब साढ़े 94 करोड़ रुपया पानी में डूब गया। वहीं इस बरसात में एक व्यक्ति की खड्ड में बहने से मौत हुई है। जिला ऊना में PWD, IPH, बाढ़ नियंत्रण और कृषि विभाग को सबसे ज्यादा नुक्सान हुआ है। वहीं जलभराव के चलते स्थानीय लोगों को भी भारी नुकसान हुआ है। इस बरसात में 4 पक्के घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए वहीं 49 पक्के और 69 कच्चे घरों को हल्का नुक्सान हुआ है । बारिश से 35 पशुशालाएं भी तबाह हो गई। बारिश से जहां PWD को करीब 31 करोड़, IPH को करीब 20 करोड़, स्वां नदी बाढ़ प्रबंधन योजना को करीब साढ़े 21 करोड़, कृषि विभाग को करीब 20 करोड़ का नुकसान आंका गया है।

वहीं बागवानी, स्वास्थ्य और मत्स्य विभाग में हुए नुक्सान का अभी तक आंकलन नहीं हो पाया है जिससे इस बरसात में 100 करोड़ से अधिक के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। जिला में पिछले दो दिन हुई बारिश से करीब 24 सड़के बाधित हुई थी। जिनमें से 21 सड़कों को खोल दिया गया है वहीं 3 सड़के अभी तक बंद है। डीसी ऊना संदीप कुमार की माने तो बारिश से ऊना में खासा नुक्सान हुआ है। डीसी ऊना की माने तो प्रशासन ने हर प्रभावित को राहत पहुंचाने का कार्य पूरा कर लिया है। वहीं डीसी ऊना ने बताया कि अब ऊना जिला में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है और आने वाले दिनों में भी मौसम विभाग की ओर से कोई बड़ी बारिश की सूचना नहीं है।