‘अगर प्रदेश में बाहरी लोगों को जमीनें खरीदने की छूट मिलती हैं तो प्रदेश को होगा नुकसान’

ख़बरें अभी तक। जम्मू कश्मीर में 370 खत्म करने के बाद हिमाचल में धारा 118 छूट देने की मांग उठ रही है। पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बादल ने 118 में छूट की वकालत की है। बादल के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कड़ा ऐतराज जताया है। राठौर ने कहा है कि बादल का यह बयान उनका भाजपा के साथ कोई अंदरूनी सांठ गांठ का एक राजनीतिक हिस्सा हो सकता है, क्योंकि अकाली दल पंजाब में भाजपा का एक प्रमुख सहयोगी दल है, और केंद्र में भी।

कुलदीप सिंह राठौर ने साफ कर दिया है कि यदि प्रदेश सरकार ने किसी भी प्रकार से धारा118 को छेड़ने का कोई भी प्रयास किया तो भाजपा को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते है। कांग्रेस प्रदेश के लोगों और इन के हितों से किसी भी प्रकार के खिलवाड़ को कभी सहन नहीं करेगी। राठौर ने कहा है कि हिमाचल की तुलना जम्मू कश्मीर में 370 के साथ कभी नहीं की जा सकती। प्रदेश में धारा118 को प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार ने लोगों की भावनाओं को देख सुन कर लागू किया था।

यहां पर सीमित जमीन होने की वजह से धारा 118 में प्रदेश के लोगों के हित सुरक्षित किये गए थे। यही वजह है कि आज हिमाचल सुरक्षित है। प्रदेश का पर्यावरण भी हरे भरे जंगलों की वजह से साफ सुथरा है। अगर प्रदेश में बाहरी लोगों को जमीनें खरीदने की छूट मिलती हैं तो प्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है।

राठौर ने कहा है कि देश के विकास में प्रदेश का बहुत बड़ा योगदान है। प्रदेश के विस्थापित आज दिन तक स्थाई तौर पर पुनर्स्थापित नहीं हो सकें। देश की सुरक्षा में प्रदेश के हजारों लोग आज भी सेना में सरहदों में डटे है। राठौर ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह किसी भी प्रकार से प्रदेश की जर जमीन को बेचने का प्रयास न करें। कांग्रेस 118 में किसी भी प्रकार के छेड़ छाड़ के खिलाफ है।