महज 25 साल की उम्र में हरियाणा सरकार में सबसे युवा कैबिनेट मंत्री बनी थी सुषमा स्वराज

ख़बरें अभी तक। पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की दिग्गज नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार (06July,2019) की रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 67 साल की उम्र में सुषमा स्वराज आखिरी सांस ली। बता दें कि सुषमा और उनके पति स्वराज कौशल सबसे कम उम्र में कई उपलब्धियों के कारण लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा चुके हैं। महज 25 साल की उम्र में हरियाणा सरकार में सबसे युवा कैबिनेट मंत्री बनने वालीं सुषमा स्वराज का राजनीतिक जीवन उपलब्धियों भरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-दुनिया के तमाम नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल समाजवादी कैंप से जुड़े रहे हैं। वह सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं। उनके नाम देश में सबसे कम उम्र का राज्यपाल बनने का रिकॉर्ड है। वे महज 38 साल की उम्र में ही मिजोरम के राज्यपाल बन गए थे। वह फ़रवरी 1990 से 1996 के बीच राज्यपाल रहे। स्वराज कौशल भारत में नॉर्थ ईस्ट मामलों के जानकार माने जाते हैं। 1979 में उन्होंने ही अंडरग्राउंड मिजो लीडर लालडेंगा की रिहाई मुमकिन कराई थी। इसके बाद सरकार से समझौता वार्ता के लिए वह अंडरग्राउंड मिजो नेशनल फ्रंट के संवैधानिक सलाहकार बनाए गए।

कई राउंड की बातचीत के बाद मिजोरम शांति समझौता अस्तित्व में आया और 20 साल से चले आ रहे विद्रोह का अंत हुआ। इसी के इनाम के तौर पर उन्हें प्रदेश का गवर्नर बनाया गया था। एक बार वह हरियाणा से राज्यसभा सदस्य भी रहे। हिमाचल प्रदेश के सोलन में 1952 में उनका जन्म हुआ। 1975 में उन्होंने सुषमा स्वराज से प्रेम विवाह किया। वहीं सुषमा स्वराज ने अपने राजनीतिक जीवन में कई उपलब्धियां हासिल कीं।

वह दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं। इसके अलावा वह देश की पहली पूर्णकालिक विदेश मंत्री रहीं। इतना ही नहीं, उनके नाम पहली महिला सर्वश्रेष्ठ सांसद होने, किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल की पहली महिला प्रवक्ता, महज 25 साल में ही हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने जैसे रिकॉर्ड हैं। पति और पत्नी दोनों की इन नायाब उपलब्धियों के चलते दुनिया भर में रिकॉर्ड्स संजोने के लिए चर्चित लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उनके नाम विशिष्ट दंपती के तौर पर शामिल किए।