इसरो के नियंत्रण में आगे बढ़ रहा है मिशन चंद्रयान 2

ख़बरें अभी तक। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का दूसरा मून मिशन Chandrayaan-2 के सफल प्रक्षेपण के एक दिन बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मंगलवार को कहा है कि चंद्रयान-2 अंतरिक्षयान की सेहत ठीक है और वह सही दिशा में जा रहा है।
3,850 किलो का चंद्रयान-2 का देश के सबसे शक्तिशाली रॉकेट जीएसएलवी-एमके-3-एम 1 ने सोमवार को दोपहर 2:43 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफल प्रक्षेपण किया था। चंद्रयान-2 के करीब 3.84 लाख किमी की यात्रा करने के बाद सात सितंबर को चांद की सतह पर पहुंचने की उम्मीद है।

इसरो ने अपने बयान में कहा है कि रॉकेट से अलग होने के बाद यान का सौर उपकरण अपने आप ही सक्रिय और तैनात हो गया। बंगलूरू स्थित इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क ने अंतरिक्षयान को अपने नियंत्रण में कर लिया है।