शौचालय की व्यवस्था ना होने पर बारातियों संग दूल्हा फरार

ख़बरें अभी तक। झारखंड के रामगढ़ स्थित गोला थाना के कमता गांव में एक बेहद ही अजीब मामला सामने आया है। जहां दूल्हा अपनी शादी से पहले ही फरार हो जाता है। जानकारी के अनुसार दूल्हा वरमाला के बाद ही बरातियों और अपने जीजा के साथ भाग निकला। बता दें कि बराती इस बात से नाराज थे कि उनके लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं की गई है। इसे लेकर हंगामा शुरू हुआ और दुल्हन की मांग यूं ही सूनी रह गई। बताया जाता है कि गोला थाना के कमता गांव में गुरुवार की रात खलारी (रांची) से बरात आई हुई थी। द्वार लगने के बाद बरात का लड़कीवालों ने भरपूर स्वागत किया। वरमाला की रसम भी पूरे रीति रिवाजों के साथ हुई।

इस दौरान लड़के व लड़की वालों ने दूल्हा-दूल्हन के साथ नाचते-गाते खूब फोटो भी खिंचवाई। स्वागत में बरातियों को तैयार लजीज व्यंजन भी परोसे गए। लेकिन खाना खाने के बाद बरातियों द्वारा शौचालय की व्यवस्था नहीं होने को लेकर नाराजगी व्यक्त की गई। बराती में महिलाएं भी काफी संख्या मे आई हुई थीं। वहीं बारातियों की सुविधा के लिए रात में ही तत्काल अस्थायी शौचालय भी बना दिया गया। लेकिन बरातियों की नाराजगी दूर नहीं हुई और शादी के मंडप में पहुंचने से पहले ही बरातियों के साथ दूल्हा अपने जीजा के साथ फरार हो गया।

जबतक लड़कीवालों को कुछ समझ में आता तबतक दूल्हे को लेकर वे लोग काफी दूर निकल चुके थे। भागने के दौरान लगातार लड़की पक्ष के लोग फोन पर लड़का वालों को मनाने की कोशिश करे रहे लेकिन वह नहीं लौटे। शुक्रवार की सुबह दूल्हा पक्ष ने लड़की वालों को बात करने के लिए रांची बुलाया। लड़की वाले रांची पहुंचे और वर पक्ष को मनाने की कोशिश की लेकिन दूल्हे ने शादी करने से इन्कार कर दिया।

जिसके बाद में लड़की पक्ष ने गोला थाना पहुंच कर घटना की जानकारी दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, इसकी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि बेटी की शादी के लिए वर पक्ष को दहेज की बहुत बड़ी रकम दी गई थी। खलारी बाजारटांड़ निवासी शिवशंकर साव का पुत्र शंकर साव व कमता गांव के बासुदेव साव की पुत्री के साथ विवाह तय हुआ था।