कांग्रेस आलाकमान का बड़ा फैसला, हिमाचल की कार्यकारिणी को किया भंग

ख़बरें अभी तक: हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। प्रदेश कार्यकारिणी के साथ जिला, ब्लाक कांग्रेस सहित फ्रंटल संगठनों की कमेटियां भी खत्म कर दी गई हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद हाईकमान ने यह कदम उठाया है। जानकारी से मालूम हुआ है कि देश के अन्य राज्यों की तर्ज पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को भी सीडब्ल्यूसी की सिफारिश के बाद मंगलवार को भंग कर दिया है। लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर की नियुक्ति के बाद माना जा रहा था कि नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।

इस कारण राठौर को कुछ ही नई नियुक्तियां करके लोकसभा चुनाव में काम चलाना पड़ा था। हाईकमान का यह प्रयोग रंग नहीं ला सका और कांग्रेस चारों सीटों पर हार गई थी। इस हार के बाद से माना जा रहा था कि पुरानी कार्यकारिणी भंग कर दी जाएगी। अब देखना यह है कि नई कार्यकारिणी का गठन कब होगा, क्योंकि  प्रदेश में दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की चुनौती भी धीरे-धीरे करीब आ रही है।  हिमाचल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि फिलहाल उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी भंग किए जाने की कोई लिखित सूचना नहीं मिली है।