खाने के बाद की कुछ आदतें पहुंचा सकती हैं नुकसान
अपने खानपान पर तो आप खूब ध्यान देते होंगे लेकिन क्या आपके मन में कभी ये ख्याल आया है कि खाना खाने के तुरंत बाद किन चीजों को करने से बचना चाहिए। कुछ लोग जानते भी होंगे, मगर फिर भी वो ये सब अनदेखा कर देते हैं। इसका परिणाम उन्हें बाद में भुगतना पड़ता है। कई लोग खाना खाने के तुरंत बाद ऐसी चीजों के आदी होते हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह होती है। आप खाना चाहे जितना भी बढ़िया और पौष्टिक खाएं, लेकिन वह ठीक से शरीर को न लगे तो खाना और नहीं खाना एक जैसा ही है। अगर आप चाहते हैं कि आपकी सेहत पर बुरा असर न पड़ें, तो कुछ बुरी आदतों को छोड़ना अच्छा होगा। हम आपको बता रहे हैं कि खाना खाने के तुरंत बाद किन चीजों को करने से बचना जरूरी है।
धूम्रपान करना
वैसे तो धूम्रपान करना सेहत के लिए हानिकारक है ही, लेकिन फिर भी खाना खाने के तुरंत बाद इसे करने से बचना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक, खाना खाने के तुरंत बाद सिगरेट पीने से डाइजेशन में दिक्कत होती है। सिगरेट पीने या तंबाकू लेने के आदी लोगों को खाना खाने के बाद ही इसकी तलब भी महसूस होती है, लेकिन इससे बचना चाहिए। खाना खाने के तुरंत बाद सिगरेट पीने से गैस्ट्रिक और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
तुरंत फल खाना
अगर खाने के साथ फल खाते हैं तो वह भोजन के साथ अमाशय में अटक जाता है और सही समय पर आंतों में नहीं पहुंच पाता। इस कारण सेहत बिगड़ने लगती है और पेट में भोजन दूषित हो जाता है। इसलिए यह सलाह दी जाती है कि खाना खाने के कम-से-कम एक घंटे बाद या एक घंटे पहले फल खाएं। सबसे महत्वपूर्ण है कि सुबह खाली पेट फलों का सेवन करना चाहिए। इससे दिन की शुरुआत करने के लिए काफी ऊर्जा मिलती है।
चाय या कॉफी पीना
अधिक चाय पीने से भी सेहत पर असर पड़ता है और खाना खाने के बाद तो चाय बिल्कुल ना पिएं, क्योंकि चाय की पत्तियों में एसि़ड की काफी मात्रा पाई जाती है। यह पदार्थ आहार में शामिल प्रोटीन को नुकसान पहुंचाता है, जिसके कारण खाना पचाने में काफी परेशानी होती है। अगर आपको चाय पीनी ही है, तो खाना खाने के एक घंटे बाद पिएं।
बेल्ट ढीली करना
अक्सर कई लोग स्वादिष्ट भोजन को देखते ही अपनी बेल्ट लूज कर लेते हैं, जिससे वो अधिक मात्रा में अपना मनपसंद भोजन खा सकें। ऐसा करना गलत है। इससे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। कहा जाता है कि खाना खाते वक्त बेल्ट ढीली नहीं करनी चाहिए। ऐसा करने से आंतें ब्लॉक हो जाती हैं और खाना भी अधिक मात्रा में खा लिया जाता है। इस वजह से व्यक्ति असहज महसूस करने लगता है। ध्यान रखें कि भूख से थोड़ा कम ही खाएं।
नहाने जाना
खाना खाने के तुरंत बाद नहाने के लिए न जाएं। तुरंत नहाने से हाथों, पैरों और शरीर में खून का प्रवाह बढ़ जाएगा। इससे पेट के चारो तरफ खून की मात्रा कम हो जाएगी। इस वजह से डाइजेस्टिव सिस्टम कमजोर हो जाएगा।
वॉक करना
वॉक करना सेहत के लिए लाभदायक है, लेकिन खाना खाने के बाद सीधे वॉक के लिए जाना गलत है। इससे अपच की परेशानी हो सकती है। हालांकि, खाना खाने के आधे घंटे बाद टहलना स्वास्थ्य के लिए बेहतर माना जाता है। वॉक करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि खाना खाने के बाद महज 20-30 मिनट वॉक करने से पेट में गड़बड़ नहीं रहती और ना ही एसिड बनता है।
तुरंत सोने के लिए जाना
जो लोग खाना खाने के तुरंत बाद बिस्तर पर लेट जाते हैं, उनका खाना ठीक तरीके से डाइजेस्ट नहीं हो पाता। इस कारण उन्हें गैस की समस्या पैदा होती है व आंतों में इन्फेक्शन हो जाता है।