राजस्थान: महिला ने पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर मांगी इच्छा मृत्यु की इजाजत

ख़बरें अभी तक। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा उपखंड की रहने वाली एक महिला ने पुलिस की प्रताड़ना से परेशान होकर अपने दो मासूम बच्चों के साथ जिला कलेक्टर के समक्ष पेश होकर इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है। महिला ने पुलिस पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के दबाव में काम करने के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार रावभाटा क्षेत्र की रहने वाली पुष्पा पत्नी नारायण गुर्जर अपने 6 वर्षीय पुत्र रोहन व 8 वर्षीय पुत्री माही के साथ आज सुबह जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची और जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम इच्छा मृत्यु का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। महिला ने बताया कि रावतभाटा चेयरमैन धर्मेंद्र तिलानी का कार पर पथराव हुआ। इस मामले में इस मामले में उसके पति समेत कुछ लोगों को पुलिस ने आरोपी बनाया था। जिसके बाद से उसका पति गायब है।

वहीं महिला का आरोप है कि उसके पति का पता जानने के लिए पुलिस उसे परेशान कर रही है। महिला का कहना है कि 30 मई की दोपहर को 2 बजे पुलिस उसके घर पर आई और जबरन तलाशी ली जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तृप्ति, उप अधीक्षक थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल गढ़वाल ने उसे प्रताड़ित किया। उसके साथ मारपीट भी की गई।

महिला का आरोप है कि पुलिस उसे प्रताड़ित कर रही है। पीड़िता अपने बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है। प्रताड़ना के चलते महिला ने परेशान होकर इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है। इस पूरे मामले में महिला ने स्थानीय विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के दबाव में पुलिस पर कार्य करने के आरोप लगाए हैं वहीं जब इस मामले में थाना अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कैमरे पर बात करने से मना करते हुए पुलिस महानिदेशक द्वारा जानकारी देने से मना करने की बात कही है। कल रात से भूखे बच्चों को लेकर यह महिला रावतभाटा से निकली और आज जिला कलेक्टर के समक्ष राष्ट्रपति के नाम इच्छा मृत्यु का आवेदन प्रस्तुत किया है।