कांग्रेस का अस्तित्व नहीं हो सकता खत्म , न लिखें श्रद्धांजलि : शशि थरूर

ख़बरें अभी तक । लोकसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद जंहा कांग्रेस के अस्तित्व के खात्मे के कयास लग रहे है ,वही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस्तीफा देने पर अड़े हुए हैं। राज्यस्तरीय कांग्रेस पार्टियों का भविष्य भी इस समय दांव पर लगा हुआ है। इसके बावजूद वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर का कहना है कि पार्टी अभी जिंदा और सक्रिय है। केरल और पंजाब में पार्टी का प्रदर्शन यही साबित करता है। एक न्यूज एजेंसी को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस की श्रद्धांजलि लिखने का समय नहीं आया। कांग्रेस के लिए यह समय अपने जख्म संभालने का नहीं, बल्कि अगले 5-6 माह में महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने का है। थरूर ने राहुल गांधी को कांग्रेस का नेतृत्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति बताया।

लोकसभा में नेतृत्व की जिम्मेदारी उठाने को तैयार

थरूर ने हाल ही में यह बयान भी दिया था कि अगर लोकसभा में उन्हें कांग्रेस का नेतृत्व दिया जाता है, तो वे इसे लेने के लिए तैयार हैं। हालांकि निर्णय पार्टी को लेना है। जो बड़े नेता हार चुके हैं, उनके बाद पार्टी को आगे बढ़ाने की अधिक जिम्मेदारी उन पर है जो संसद में बचे रह गए हैं।

कांग्रेस ही भाजपा का विश्वसनीय विकल्प
थरूर ने यह भी कहा कि इस समय केवल कांग्रेस ही भाजपा का विश्वसनीय विकल्प है। इस संदेश को नागरिकों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसा राहुल गांधी के नेतृत्व में किया जाएगा। नेहरू-गांधी परिवार ने आजादी के बाद पार्टी को आकार और मार्गदर्शन देने में बड़ा योगदान दिया है। इसके चलते उन्हें पार्टी में गहरा सम्मान और ताकत प्राप्त है। वे अब भी पार्टी को काफी योगदान दे सकते हैं।