हरियाणा: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पिंक मैराथन का आयोजन

ख़बरें अभी तक। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूरे देश में शायद यह अपनी तरह का पहला मौका है, जब पानीपत में पिंक मैराथन महिलाओं के लिए आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सबल बनाने के लिए भविष्य में पुलिस बल में भर्ती होने वाली महिलाओं की संख्या को 10 प्रतिशत तक ले जाया जाएगा।

पानीपत में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पिंक मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मैराथन को झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने यह मैराथन वीर शहीदों के नाम समर्पित करते हुए बीच-बीच में मैराथन में भाग लेने वाली महिलाओं का भारत माता की जय और सशक्त महिला-सशक्त भारत के उद्घोष से हौसला भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण और महिला उत्थान के नाते बहुत से कार्यक्रम किए हैं लेकिन इस तरह का मौका पहली बार आया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विगत 22 जनवरी 2015को बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अभियान की शुरूआत की यहीं से की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में कम नही हैं। आज प्रदेश की बेटियां खेलों में भी अपना नाम कमा रही हैं। ओलम्पिक और एशियन खेलों में मेडल प्राप्त किए जा रहे हैं और सब जगह महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश की उन माताओं को भी नमन किया जो अपने बच्चों को देश की सेवा के लिए सेनाओं में भर्ती होने के लिए भेजती हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के तौर पर भी महिलाएं हर वर्ग में आगे आ रही हैं।