बारिश और बर्फबारी ने बदला उत्तर भारत में मौसम का मिजाज, लोगों को करना पड़ा दिक्कतों का सामना

ख़बरें अभी तक। फरवरी के पहले और दूसरे हफ्ते में सामान्य तौर पर बारिश होती है। लेकिन गुरुवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बेईमान था। दोपहर आते आते उत्तर भारत के कई इलाकों के आसामां पर काले काले बादलों ने कब्जा कर लिया था। शाम होते होते बारिश हुई और जमकर ओले पड़े। ओलों की वजह से दिल्ली और एनसीआर की सड़कें सफेद चादर में लिपट गईं। जम्मू-कश्मीर और पंजाब के ज्यादातर इलाकों की तस्वीर एक जैसी ही थी।

दोपहर से ही दिल्‍ली एनसीआर का मौसम काफी खराब था। जिसके बाद यहां जम कर ओले गिरे। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम के अचानक बदलाव के बाद यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एनसीआर में बारिश और ओले गिरने की वजह से मौसम कुछ दिनों के लिए ठंडा हो सकता है।