लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रियंका ने कसी कमर

ख़बरें अभी तक: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अमेरिका से लौटते ही आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गई है। स्वदेश लौटने के बाद प्रियंका गांधी ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी से उनके तुगलक रोड़ स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रियंका की कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं से मुलाकात करने की भी खबरें है। उत्‍तर प्रदेश पश्चिम के महासचिव ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया से भी प्रियंका ने मुलाकात की और चुनाव पर चर्चा की।

गुरुवार को कांग्रेस महासचिवों और अलग-अलग राज्‍यों के इंचार्ज की संयुक्त बैठक में भी प्रियंका के शामिल होने की पूरी संभावना है। गौरतलब हो कि प्रियंका गांधी को 23 जनवरी को उत्तरप्रदेश की कांग्रेस महासचिव बनाए जाने का ऐलान हुआ था, जो कांग्रेस का बड़ा चुनावी दाव माना जा रहा है। उनके सक्रिय राजनीति में आने से कांग्रेस को उत्‍तर प्रदेश में अच्‍छे प्रदर्शन की उम्‍मीद है. वर्तमान में कांग्रेस के पास यूपी में लोकसभा की 80 में से केवल दो सीटें ही हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका रायबरेली सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। वह कई बार इस सीट पर अपनी मां सोनिया गांधी के चुनाव प्रचार की कमान संभाल चुकी है।