हरियाणा में रहेगा मौसम खराब, जानिए किस दिन होगी बारिश

ख़बरें अभी तक। जब दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री कम और रात का तापमान 8-9 डिग्री कम होता है तो वह कोल्ड डे कहलाता है। कुछ ऐसी ही स्थिति बनी हुई है प्रदेश में जिस का कारण है पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ। शुक्रवार को हरियाणा में दिनभर बादल छाए रहे और शीत लहर चलती रही। करीब चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिणी-पूर्वी हवाएं चलने से अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति रही और शुक्रवार का दिन सीजन का सर्वाधिक ठंडा रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक सर्दी से राहत मिलने वाली नहीं है। सात फरवरी तक बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने पांच और छह फरवरी को तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की है। साथ ही सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा।

एचएयू, हिसार के कृषि मौसम विभाग के डॉ. एमएल खीचड़ ने बताया कि ऐसे में आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और देर रात कहीं हल्की व कहीं गहरी धुंध संभावित है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते शीत लहर का प्रकोप बना रहेगा। प्रदेश में सात फरवरी तक बादल छाए रहेंगे।