हिमाचल: कांग्रेस के अध्यक्ष का सीएम जयराम पर वार, कहा RSS के निर्देशों पर करते हैं काम

ख़बरें अभी तक। हिमाचल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने सीएम जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का एक साल का कार्यकाल बहुत निराशा जनक रहा है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर RSS के निर्देशों पर काम करते है।

कुलदीप ने कहा कि सीएम अपने स्तर पर कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि आए दिन प्रदेश में आपराधिक वारदातें बढ़ रही हैं. सरकार नशे को रोकने में असफल रही है और बेलगाम नशा युवाओं को पंजाब की तर्ज पर अपनी जद में ले रहा है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार एक साल के दौरान कोई बड़ी उपलब्धि नहीं रही है। केंद्र से धन लाने की बात सीएम करते हैं, लेकिन खर्च कहां हो रहा है इसका कोई पता नहीं चल रहा है।

वहीं कुलदीप सिंह राठौर ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश में चारों सीटें जीतने का दावा भी किया है। उन्होंने माना कि कांग्रेस पार्टी में मनमुटाव जरूर है। लेकिन इन्हें बहुत जल्द दूर किया जाएगा और एकजुट होकर पार्टी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता विरोधी लहर देश में चल रही है, क्योंकि मोदी सरकार अपने किसी भी वायदे पर खरा नहीं उतर पाई है। उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।