हिमाचल: बिलासपुर पुलिस कर रही हाईटैक होने की तैयारी

ख़बरें अभी तक। बिलासपुर पुलिस ने भी अब सिरमौर पुलिस की तर्ज पर हाईटैक तरीके से पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाने की तैयारी कर ली है। जिससे कोई भी पुलिस जवान  बिना ड्यूटी के न रह सके। बिलासपुर पुलिस ने लाइन ड्यूटी के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर प्रणाली को अपनाने का निर्णय लिया है। इस सॉफ्टवेयर में पुलिस लाइन के कर्मचारियों का डाटा डाला गया है। पुलिस कर्मियों की  ड्यूटी लगाने के लिये सॉफ्टवेयर खुद उन कर्मचारियों की लिस्ट तैयार कर देगा, जिनकी ड्यूटी लगाई जानी है। ड्यूटी इंचार्ज अब रोस्टर तैयार नहीं करेगा, बल्कि सॉफ्टवेयर इस रोस्टर को ऑटो अपडेट करेगा। इससे अब ड्यूटी इंचार्ज अपनी मर्जी से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी नहीं लगा सकेगा। इंचार्ज के करीबी पुलिस कर्मी भी मनचाही ड्यूटी अब नहीं कर पाएंगे।

बता दें कि अकसर पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के समय दोस्ताना जरूर देखा जाता है। इस कारण अपने मनपसंदीदा लोगों की ड्यूटी उनकी पसंद की जगहों पर लगा दी जाती थी। अभी इस सॉफ्टवेयर से सिर्फ सिरमौर पुलिस ही कार्य कर रही थी। अब बिलासपुर पुलिस ने भी इस तरह से कार्य करने का फैसला लिया है, ताकि कोई भी जवान अपनी ड्यूटी के बगैर न रह सके।  साफटवेयर का सफल ट्रायल किया गया है ।

एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि सॉफ्टवेयर की प्रणाली को अपनाया जा रहा है। इसका सफल ट्रायल किया गया है। और जल्द ही इस व्यवस्था को स्थाई तौर पर लागू कर दिया जाएगा। इससे निष्पक्षता से कार्य की संभावना बढ़ेगी।