इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या का मुख्य आरोपी बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज गिरफ्तार

ख़बरें अभी तक।  जनपद बुलंदशहर के थाना सियाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामले में आरोपी नंबर 1 बनाया गया बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज सिंह आखिरकार पुलिस गिरफ्त में आ ही गया। गोकशी की अफवाह के बाद बुलंदशहर में फैली हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को यूपी पुलिस ने बीती रात्रि को गिरफ्तार कर लिया। उसे स्याना हिंसा का मुख्य आरोपी बनाया गया था। वह बजरंग दल का जिला संयोजक है और हिंसा के बाद 29 दिन से फरार चल रहा था।

सूत्रों के मुताबिक योगेश राज की गिरफ्तारी कई नेताओं की मदद से हुई है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई खुलासा नहीं किया है। बुलंदशहर हिंसा के दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या करने वाले प्रशांत को पुलिस ने 27 दिसंबर को गिरफ्तार किया था पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था।  इसके अलावा रिवाल्वर चुराने वाले जॉनी की भी पहचान हो चुकी है उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के सूत्रों के मुताबिक जानी ने इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की रिवाल्वर चोरी की थी जबकि प्रशांत ने उसे गोली मारी थी इस मामले में पुलिस को दो वीडियो मिले थे। जिनमें यह दोनों एक साथ नजर आए। ऐसे में जॉनी और प्रशांत को इंस्पेक्टर की हत्या का मुख्य आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा योगेश राज को हिंसा भड़काने का मुख्य आरोपी बनाया गया था।

गौरतलब है कि बुलंदशहर में 3 दिसंबर को कथित गोकशी के बाद हुई हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले जीतू फौजी को गिरफ्तार किया था जो घटना के दिन पुलिस चौकी के सामने मौजूद था।

यूपी एसटीएफ के एसएसपी का कहना है कि आरोपी जवान जीतू ने हिंसा के दौरान उपद्रवियों की भीड़ में शामिल होने की बात कबूल की थी। बुलंदशहर मामले में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को सरकार के खिलाफ राजनीतिक साजिश करार दिया था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस साजिश को बेनकाब करने में कामयाब रही। बुलंदशहर पुलिस अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है वहीं 6 से ज्यादा लोगों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया है।

वहीं योगेश राज की गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल के नेता भी सामने आए हैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सह संयोजक बुलंदशहर पहुंचे और उन्होंने कहा योगेश राज निर्दोष साबित होगा क्योंकि पुलिस ने योगेश की गिरफ्तारी की है अब उनके सामने न्यायालय का ही रास्ता बचा है और योगेश न्यायालय में निर्दोष साबित होगा।