नए साल के जश्न के लिए हिमाचल तैयार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

ख़बरें अभी तक।  नए साल के जश्न के लिए हिमाचल में व्यापक तैयारियां। शिमला कुल्लु मनाली सहित पर्यटक स्थल सैलानियों से पैक। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम। मनाली में विन्टर कार्निवल के साथ ब्यास नदी में महाआरती में 121 पंडित, 200 से अधिक बजंतरी, देवी-देवताओं के कारदारों समेत घाटी के हजारों लोग भाग लेंगे। नशाखोरी,  पर्यटन, शांति व पर्यावरण संरक्षण को लेकर ब्यास महाआरती।

वहीं नए साल के जश्न को यादगार बनाने के लिए लाखों सैलानी पहाड़ी राज्य हिमाचल पहुंच गए हैं। राजधानी शिमला, मनाली, डलहौजी और धर्मशाला समेत प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के होटल एडवांस में ही पैक हो गए हैं। शिमला में 100 तो मनाली में 80 फीसदी से ज्यादा आक्यूपेंसी चल रही है।

बता दें कि अगले दो-तीन दिनों तक कालका-शिमला हेरिटेज ट्रेनें और बसें पैक हैं। मनाली में पिछले पांच साल बाद रिकॉर्ड सैलानी पहुंचे हैं। सुरक्षा को देखते हुए धर्मशाला में पुलिस की दो अतिरिक्त बटालियनें तैनात रहेंगी। न्यू ईयर ईव पर शिमला के रिज मैदान पर हजारों पर्यटक उमड़ेंगे। होटलों में डायन एंड डांस के अलावा विशेष प्रतियोगिताएं होंगी।

वहीं होटल होली डे होम में फूड फेस्टिवल में हिमाचली व्यंजन परोसने के खास इंतजाम हैं। पर्यटन विकास निगम मनाली के क्लब हाउस में न्यू ईयर क्वीन और मैक्लोडगंज क्लब हाउस में भागसू क्वीन चुनी जाएगी। यहां बेस्ट चाइल्ड डांसर, बेस्ट मेल-फीमेल डांसर चुने जाएंगे। धर्मशाला में 8 बजे से रात 12 बजे तक गीत-संगीत की महफिल सजेगी। मनाली आने वाले सैलानियों का कुल्लवी परंपरा और वेलकम ड्रिंक्स से स्वागत होगा। मनाली माल रोड पर संयुक्त नाटी के अलावा वॉयस ऑफ  विंटर कार्निवाल के प्रतिभागी पर्यटकों का मनोरंजन करेंगे।

आपको बता दें आज शाम को कुल्लु के ब्यास नदी में भव्य ब्यास आरती का आयोजन किया जा रहा है। जो स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में आने वाले  सैलानियों के लिए एक अलग तरह का अनुभव होगा।